सोमवार, 26 फ़रवरी 2024

पारिजात (हरसिंगार) : एक औषधीय पौधा

पारिजात का फूल 
        विश्व के नामी फूलों की भारतीय धरोहर में, हरसिंगार का विशेष स्थान है। यह एक अद्वितीय फूल है जो अपनी सुंदरता, आरोग्यदायी गुणों और रहस्यमयता के लिए प्रसिद्ध है। हरसिंगार को विभिन्न नामों से जाना जाता है - पारिजात, प्राजक्ता, शेफाली, शिउली, पार्दक, पगडमल्लै, मज्जपु, पविझमल्लि, गुलजाफरी, नाइट जेस्मिन और सिंघार इत्यादि। शास्त्रों में इसे 'कल्पवृक्ष' की संज्ञा दी गई है, इसीलिए इस पौधे का हिन्दू धर्म में महत्वपूर्ण स्थान है।यह एक सुंदर और मनमोहक सुगंध वाले फूल के साथ-साथ कई आयुर्वेदिक औषधीय गुणों से भरपूर है।

हरसिंगार के फूल सफ़ेद रंग के होते हैं और इनमें नारंगी रंग का तना होता है। इन फूलों में पांच से सात पंखुड़ियां होती हैं। यह फूल रात के समय खिलने के लिए प्रसिद्ध है, जिसके कारण इसे 'निशागंधा' भी कहा जाता है। हरसिंगार के पौधों का उनकी पत्तियों के साथ विशेष संबंध है, जो रात्रि के समय फूलों के साथ खुलती हैं और सूर्योदय के साथ ही मुरझाने लगती है। इस प्रक्रिया के कारण इसे लोग अधिक पसंद करते हैं। चलिए, हम इसके रहस्यों से उजागर करने के लिए इस फूल को जानने निकलते हैं और उसके विस्तार से अध्ययन करते हैं।

इसका वानस्पतिक नाम 'निक्टेन्थिस आर्बोर्ट्रिस्टिस' है। है, और यह भारत के उत्तरी भागों, जैसे कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, एवं पूर्वी भारत में पाया जाता है। इसके अलावा, बांग्लादेश, नेपाल, थाईलैंड, इंडोनेशिया, फिलीपींस आदि देशों में भी हरसिंगार की खेती की जाती है। जनश्रुति के अनुसार इसकी उत्पत्ति समुद्र-मंथन से हुई थी। समुद्र-मंथन से प्राप्त 14 रत्नों में से एक हरसिंगार का पौधा भी है। यह पौधा देवताओं को मिला था। जिसे इंद्र ने अपनी वाटिका में लगाया था। मान्यता के अनुसार नरकासुर के वध के पश्चात इंद्र ने भगवान श्रीकृष्ण को हरसिंगार के पुष्प भेंट किये थे, जिसे उन्होंने देवी रुक्मिणी को भेंट किया था।

समुद्र मंथन

एक अन्य पौराणिक कथा के अनुसार पौधे की चाह में सत्यभामा ने हठ किया, जिसके फल स्वरूप भगवान श्री कृष्ण जब हरसिंगार का पेड़ इंद्र देव से युद्ध में जीत कर स्वर्ग से धरती पर लेकर आ रहे थे तब देवराज इंद्र ने क्रोध में आकर पेड़ को श्राप दे दिया। माना जाता है कि इसी श्राप की वजह से हरसिंगार के फूल सिर्फ रात में ही खिलते हैं और इस पर फल भी कभी नही आते। हरसिंगार के पौधे में फूल आने का समय बारिश के बाद अगस्त माह से सर्दियों में दिसंबर माह तक होता है। केवल हरसिंगार ही एक ऐसा पौधा है जिसके पुष्प जमीन पर गिरे हुए होने के बाद ही भगवान को स्वीकार होते है। हरसिंगार के पुष्प गोधूलि बेला के बाद खिलते हैं जो प्रातः स्वयं ही पौधे से झड़ जाते हैं।

हरसिंगारअपने फूलों की मनमोहक खुशबू और आकर्षक रंग के कारण लोकप्रिय है। पूजा में उपयोग के साथ कई शारीरिक व्याधियों को दूर करने में उपयोगी है। इसके पत्ते, फूल और छाल का सभी का उपयोग औषधि के रूप में किया जाता है। इसकी छाल बहुत कठोर होती है जो परतदार और भूरे रंग की दिखती है। इसका वृक्ष 10 से 15 फीट ऊँचा होता है। लेकिन इसे 12 से 14 इंच के गमले में भी आसानी से लगाया जा सकता है। हरसिंगार का पौधा छोटे या बड़े दोनों रूपों में विकसित हो सकता है। वसंत ऋतु हरसिंगार के पौधे को लगाने का सबसे बेहतर समय है। पौधे को घर, मंदिर या पार्क में लगाया जा सकता हैं। छत या बालकनी में जहाँ पर्याप्त धूप पौधे को मिल सके वहाँ इसे गमले में भी लगा सकते है। हरसिंगार के पौधे को सर्दियों के मौसम में लगाने से बचे।

पारिजात का पौधा 
     हरसिंगार का पौधा नर्सरी से लाकर या बीज से या कलम विधि से तैयार करके लगा सकते है। गमले में पौधा लगाने के लिए पौधे के आकार के अनुसार गमले का चुनाव करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करे की गमले से अतिरिक्त पानी निकलने की उचित व्यवस्था भी हो। गमले में पौधा लगाने के लिए 25% गॉर्डन की सूखी मिट्टी, 25% बलुई मिट्टी, 25% जैविक खाद, 15% छोटे आकार वाले ईट-मिट्टी के बर्तनों के टुकड़े और 10% सरसों व नीम की खली को मिला कर मुलायम और भुरभुरी मिट्टी तैयार करके पौधा लगाना चाहिए। इसकी पौध के लिए चिकनी और कठोर मिट्टी का उपयोग न करें इससे पौधे मर जाते हैं। इसके बीज अंकुरित करने के लिए सीडलिंग ट्रे में 50-50% की मात्रा में मिट्टी और खाद अच्छी तरह से मिलाकर ट्रे भर दें। बीज को 2 सेमी गहराई बनाकर रखें। हल्की नमी बनाएं रखें। आंशिक धूप-छाया में रखें।

उगाने के बाद हरसिंगार के पौधे को दिन की  5 से 6 घंटे की धूप में रखें। समय-समय पर गोबर की खाद, मिट्टी की गुड़ाई करके, गमले में डाले, उसे ऊपर मिट्टी से ढक दें। मिट्टी सुखने से पहले गुड़ाई करें फिर पानी अवश्य दें। पौधे को घना करने के लिए समय समय पर 15 से 20 दिनों के अंतर में बसंत से जुलाई तक हल्की छंटाई करते रहिए। गर्मियो के दिन में 2 से 3 बार गमले में पानी डालें। सर्दियों में इस पौधे को नियमित रूप से पानी देने से बचें। पौधे को धूप में रखें और ठंडी हवा से बचाये।

पारिजात की पत्तियाँ
हरसिंगार का पौधा जलन-रोधी, सूजन-रोधी, एंटीऑक्सीडेंट तथा जीवाणु-रोधी गुणों से भरपूर होता है। इसके पत्तियों का रस कड़वा होता है और टॉनिक के रूप में काम करता है। इनका उपयोग बुखार, सर्दी-खांसी, कृमि-संक्रमण, अस्थमा आदि के इलाज के लिए किया जाता है। पत्तियो का काढ़ा पीने से कब्ज, कृमि-संक्रमण, गठिया के दर्द से आराम मिलता है। आप इसके फूल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। हरसिंगार के पत्ते का पानी सूजन-दर्द, घावों, पेट के कीड़ों से राहत दिलाता है। इसका प्रयोग समस्या से राहत मिलने तक लगातार करते रहना चाहिए

मंगलवार के दिन हरसिंगार के पौधे को हनुमान जी के मंदिर के पास, किसी नदी के पास या सामाजिक स्थल पर लगाने से स्वर्ण दान के समान पुण्य प्राप्त होता है। हरसिंगार के पौधे को किसी शुभ मुहूर्त पर अपने घर के उत्तर दिशा या पूर्व दिशा में लगाएं, नियमित रूप से उसकी देखभाल करें। ऐसा करने से घर के सभी वास्तु दोष दूर होते है। देवी लक्ष्मी और श्री हरि को इसके फूल अति प्रिय है। जहाँ भी यह पौधा लगा होता है वहां माँ लक्ष्मी का वास माना जाता है।



बुधवार, 21 फ़रवरी 2024

अवकाश के क्षण - खेल और कलाओं का उद्गम

दुनिया के हर व्यक्ति के पास कुछ पल ऐसे अवश्य होते हैं, जिनका उपयोग वह अपने विकास के लिए कर सके। जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। व्यस्तता के बीच थोड़ा अवकाश (खाली समय) मिलना स्वाभाविक है। अक्सर, लोग इस समय को व्यर्थ गँवा देते हैं, जिससे उनका जीवन नीरस और अर्थहीन हो जाता है। अवकाश का सदुपयोग आपको एक बेहतर जीवन जीने में मदद कर सकता है। यह आपको अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने, अपनी क्षमताओं को विकसित करने और एक खुशहाल और अर्थपूर्ण जीवन जीने में सक्षम बनाता है। यदि हम इसका सहीं संयोजन नहीं कर पाते हैं तो निश्चित ही हम अपने विकास के मार्ग अवरुद्ध कर रहें हैं। आज के भागदौड़ भरे जीवन में, अवकाश एक बहुमूल्य वस्तु बन गया है। काम, स्कूल, और अन्य जिम्मेदारियों के बीच, हमें अक्सर अपने लिए समय ढूँढना मुश्किल होता है। लेकिन क्या आप जानते हैं की जो कुछ थोड़ा अवकाश आपको मिल रहा है, उसका सदुपयोग कैसे करें? आज हम इस ब्लॉग में इसी को जानने का प्रयास करेंगे। 

"अपने अवकाश के क्षणों का सदुपयोग करना एक अनमोल उपहार पाने से कम नहीं है। यह हमें अपनी रुचियों का पीछा करने, नए कौशल सीखने, और अपने जीवन को समृद्ध बनाने का अवसर देता है।"

गुफाओं के भित्तिचित्र 
प्राचीन काल में भी मनुष्य अपने जीवन पर्यंत सदैव सक्रिय रहा करता था। उस समय उसे अपने जीवन को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए भोजन जुटाने तथा अपनी सुरक्षा के लिए कुछ न कुछ क्रियाएँ करनी पड़ती थी। इसके अतिरिक्त अपने परिवार अथवा समुदाय के साथ खेलने, युद्धाभ्यास करने, कहानियाँ और चित्र बनाने आदि के लिए करता था। उसके दैनिक क्रियाओं में भोजन के लिए शिकार करना, मछली पकड़ना, फल इकट्ठा करना, खेती करना आदि था। वह अपने आश्रय के लिए पहले पेड़ों पर और कंदराओं (गुफाओं) में रहकर दीवारों पर चित्रकारी करना, हथियार, आभूषण, बच्चों के लिए खिलौने और कपड़े आदि बनाना शुरू कर दिया। कालांतर में वह इसी अवकाश का सदुपयोग कर कई कलाओं में सिद्धहस्त हो गया।

        अवकाश के क्षणों का उपयोग कर निम्नलिखित क्रियाओं का उपयोग किया गया।
  • प्रवास / यात्रा / घुमक्कड़ी
  • खेल और स्पर्धाएँ
  • कलाएँ
  • स्वयं की खोज
  • मंगलवार, 20 फ़रवरी 2024

    फ़िल्मों के आशिक : रोहित की कहानी

    फिल्म देखता रोहित

            रोहित एक 12 वर्षीय जिज्ञासु और होनहार बालक था। उसके माता-पिता दोनों ही कामकाजी थे, जिसके कारण वह बचपन से ही घर पर अकेला रहा करता था। अकेलेपन के कारण उसे खाली समय भी बहुत मिलता था। पहले तो वह अपने खिलौनों से खेलता था, पर धीरे-धीरे वह उनसे ऊबने लगा। एक दिन, रोहित टीवी पर मजबूरन एक फिल्म देख रहा था। वह फिल्म उसे इतनी पसंद आई कि उसने अगले दिन भी वही फिल्म देखी। धीरे-धीरे फिल्मों का शौक उसके अंदर पनपने लगा। 

    रोहित के मन में फिल्मों से अटूट लगाव होता गया। जब भी उसे समय मिलता, वह कोई न कोई नई-पुरानी फिल्म देखने लगता। फिल्मों के माध्यम से रोहित ने विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और देशों के बारे में सीखा। उसने देखा कि कैसे लोग विभिन्न परिस्थितियों में भी हार नहीं मानते और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रयास करते हैं। रोहित का मानना था कि फिल्में उसे आत्मविश्वास, साहस और निडरता सिखाती हैं। पहले उसे जिन चीजों से डर लगता था - अंधेरा, ऊंचाई, हार, चोट लगना, मृत्यु आदि; फिल्मों ने उसे इन डरों के आगे की दुनिया से परिचित कराया। रोहित सीखा कि कैसे फिल्मों के नायक डर का सामना करते हैं, चुनौतियों को स्वीकार करते हैं, और अंत में विजय प्राप्त करते हैं। 

           अब, वह पहले से अधिक समझदार और आत्मविश्वास से भरा हुआ महसूस करने लगा। वह अब डर के आगे नहीं झुकता था, बल्कि चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहता था। रोहित ने अन्य बच्चों को भी अच्छी फिल्में देखने के लिए प्रेरित करना शुरू किया। उसने सोशल मीडिया पर "फिल्म प्रेमी बच्चों का क्लब" नामक एक समूह बनाया, जहाँ लोग अपनी देखी हुई फिल्मों का अनुभव और सीख साझा करते थे।

           समूह में रोहित की सक्रियता और प्रेरणादायक कहानियों ने बच्चों को खूब प्रभावित किया। वे भी रोहित की तरह आत्मविश्वास से भरे हुए महसूस करने लगे। रोहित ने बच्चों को सिखाया कि अवकाश के क्षणों का सही उपयोग कैसे किया जाता है। रोहित के लिए, फिल्में केवल मनोरंजन का साधन नहीं थीं, बल्कि जीवन जीने का एक तरीका थीं। एक दिन, रोहित के क्लब के एक सदस्य, रिया ने बताया कि उसे सार्वजनिक मंच पर बोलने से डर लगता है। रोहित ने उसे प्रेरित किया और उसे एक प्रेरक फिल्म दिखाई, जिसमें एक लड़की अपनी इसी कमजोरी पर विजय प्राप्त करती है। रिया फिल्म देखकर बहुत प्रभावित हुई और अगले दिन उसने स्कूल में एक कार्यक्रम में आत्मविश्वास से भाषण दिया। रोहित का क्लब बहुत लोकप्रिय हो गया। धीरे-धीरे क्लब में बच्चों की संख्या बढ़ने लगी।

           इस घटना ने रोहित को बहुत खुशी दी। उसे एहसास हुआ कि फिल्में केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि जीवन बदलने का भी साधन हो सकती हैं। रोहित ने अपना क्लब चलाना जारी रखा और बच्चों को प्रेरित करने के लिए नई-नई प्रेरणादायक फिल्मों के बारे में जानकारी साझा करता रहा। 

    तो यह थी कहानी रोहित की जो हमें सिखाती है कि अवकाश के क्षणों का सही उपयोग कैसे किया जाता है। रोहित ने अपने खाली समय का उपयोग एक स्वस्थ मनोरंजन के लिए किया था जिसने उसके जीवन की दिशा ही बादल दी। उसने अपने अनुभवों का प्रयोग न केवल खुद को बेहतर बनाने के लिए बल्कि दूसरों को प्रेरित करने के लिए भी किया। अंत में संदेश इतना ही कि 'फिल्में केवल मनोरंजन का साधन नहीं, जीवन जीने का तरीका भी सिखाती हैं।'

    आप भी इसी तरह के कोई न कोई शौक अवश्य रखते होंगे। अपने शौक को अपना जुनून बनाइए। जिससे आप न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जीवन को भी महकाइए! उम्मीद है आपको लेख पसंद आया होगा। यदि अच्छा लगा हो तो अपनी राय नीचे कॉमेंट करना ना भूलें। 



    प्रचलित पोस्ट

    विशिष्ट पोस्ट

    भाषण - "सपनों को सच करने का हौसला" – मैत्री पटेल

    प्रिय दोस्तों, मैं मैत्री पटेल, आज आपके समक्ष खड़े होकर गौरवान्वित...

    हमारी प्रसिद्धि

    Google Analytics Data

    Active Users