सोमवार, 16 नवंबर 2026

नदी की पुकार, शहर का पुनर्जीवन | IGCSE Hindi 0549 अभ्यास सहित

नदी की पुकार, शहर का पुनर्जीवन – खाम नदी पर IndiCoach IGCSE हिंदी अभ्यास
इ IndiCoachसीख की नई सोच!
IGCSE HINDI 0549 · PREMIUM LEARNING PAGE

नदी की पुकार, शहर का पुनर्जीवन

खाम नदी की कहानी : प्रदूषण की पीड़ा से प्रकृति के पुनर्जीवन तक

वाचन कौशल · AO1 लेखन कौशल · AO2 लेखक : अरविंद बारी
YOUR LEARNING JOURNEY

इस पाठ से आप क्या सीखेंगे?

वाचन कौशल · AO1

मुख्य विचार, तथ्य, निहित अर्थ और लेखक के दृष्टिकोण को समझना।

लेखन कौशल · AO2

विचारों को क्रमबद्ध, प्रभावशाली और उपयुक्त भाषा में व्यक्त करना।

वाचन सहायक साथी™

सुनिए, समझिए और पढ़िए

मूल लेख का श्रव्य वाचन सुनते हुए साथ-साथ पढ़ें। अपनी सुविधा के अनुसार वाचन की गति चुनें।

श्रव्य वाचन आपके ब्राउज़र में उपलब्ध हिंदी वाणी पर निर्भर करता है।

ORIGINAL READING PASSAGE

नदी की पुकार, शहर का पुनर्जीवन

लेखक : अरविंद बारी | IndiCoach

कभी किसी नदी के किनारे बैठकर उसकी सुनने का अवसर मिला है?

उस बहते पानी में केवल जल नहीं होता। उसमें समय बहता है, इतिहास बहता है, सभ्यताओं की स्मृतियाँ बहती हैं और न जाने कितनी पीढ़ियों की कहानियाँ बहती हैं। नदी किसी शहर के लिए केवल पानी का स्रोत नहीं होती, वह उसकी धड़कन होती है। वह खेतों को जीवन देती है, पक्षियों को आश्रय देती है, भूजल को समृद्ध करती है और मनुष्य को प्रकृति से जोड़कर रखती है।

लेकिन जब वही नदी धीरे-धीरे कचरे, गंदगी और गंदे पानी से भर जाती है, तब केवल उसका पानी प्रदूषित नहीं होता, बल्कि एक पूरी सभ्यता की भी कहीं न कहीं प्रदूषित होने लगती है।

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर की खाम नदी की कहानी कुछ ऐसी ही है।

यह एक ऐसी नदी की कहानी है, जिसने कभी अपने शहर को जीवन दिया, लेकिन समय के साथ उसी शहर की का शिकार हो गई। जिसके किनारे कभी प्रकृति की सुंदरता दिखाई देती थी, वहाँ एक समय ऐसा आया जब लोग उसकी दुर्गंध से बचने के लिए रास्ता बदलने लगे।

इस नदी को उसकी खोई हुई पहचान लौटाने की पहल में वर्रोक फाउंडेशन, पर्यावरण संस्था इकोसत्त्व और छत्रपति संभाजीनगर के स्थानीय प्रशासन ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। इकोसत्त्व की सह-संस्थापक नताशा ज़रीन और गौरी मिराशी ने नदी के की योजना को दिशा दी, जबकि प्रशासनिक स्तर पर असदुल्लाह ख़ान के नेतृत्व में गठित विशेष कार्यबल ने इस प्रयास को आगे बढ़ाने में योगदान दिया। यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सामाजिक संस्थाओं, प्रशासन और स्थानीय समुदाय के साझा का परिणाम था।

छत्रपति संभाजीनगर का इतिहास केवल किलों और ऐतिहासिक इमारतों में नहीं, बल्कि उसकी में भी छिपा है। कभी यहाँ नहरों, बावड़ियों, तालाबों और भूमिगत जलमार्गों का ऐसा जाल था, जो पानी की हर बूँद का महत्त्व समझता था। इसी ऐतिहासिक परिवेश का हिस्सा है खाम नदी। मराठवाड़ा क्षेत्र की यह नदी शहर से होकर बहती है और आगे गोदावरी नदी तंत्र से जुड़ती है।

समय के साथ शहर का विस्तार हुआ, लेकिन नदी की चिंता पीछे छूट गई। घरों का गंदा पानी, प्लास्टिक, कचरा और अन्य अपशिष्ट उसमें पहुँचने लगे। नदी के किनारे बढ़ा और प्राकृतिक कम होती गई। जिस धारा से कभी जीवन जुड़ा था, वह उपेक्षा और प्रदूषण का प्रतीक बनने लगी।

इस स्थिति को बदलने की शुरुआती कोशिशों में वर्ष 2016 के आसपास नदी के एक हिस्से में काम शुरू हुआ। वर्रोक फाउंडेशन ने इस पहल को सहयोग दिया। आगे चलकर वर्ष 2019 में नगर निगम, छावनी परिषद, वर्रोक फाउंडेशन और इकोसत्त्व के बीच सहयोग का आधार तैयार हुआ। वर्ष 2020 में नदी की स्थिति का विस्तृत अध्ययन और प्रदूषण के स्रोतों की पहचान करने का काम आगे बढ़ा।

इस पहल की विशेषता यह थी कि उद्देश्य केवल नदी से कचरा निकालना नहीं, बल्कि उसके प्राकृतिक परिवेश को फिर से स्वस्थ बनाना था। कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने, नदी के किनारों पर विकसित करने और लोगों को इस कार्य से जोड़ने पर ध्यान दिया गया। कचरा प्रबंधन से जुड़े श्रमिकों, विशेषकर महिलाओं, को बेहतर कार्य-अवसर देने का प्रयास भी इस अभियान का महत्त्वपूर्ण पक्ष रहा।

नदी के किनारे विकसित प्रकृति उद्यान इस परिवर्तन का सुंदर उदाहरण है। लगभग 10.5 एकड़ में बने इस उद्यान का उद्घाटन 26 जनवरी 2022 को हुआ। यहाँ तितली उद्यान, प्रकृति-पथ, खुला रंगमंच और मियावाकी पद्धति से विकसित वन क्षेत्र हैं। कभी उपेक्षा झेलने वाला यह स्थान अब लोगों को प्रकृति के निकट आने का अवसर देता है।

खाम नदी के पुनर्जीवन प्रयास को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली। यह विश्व संसाधन संस्थान के 2023–24 के नगर पुरस्कार की अंतिम सूची में शामिल हुआ और वर्ष 2024 में इसे सेंट एंड्रयूज़ पर्यावरण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस बदलाव के बावजूद नदी की स्थिति को लेकर संतोष कर लेना जल्दबाज़ी होगी। एक स्थानीय नागरिक मोहित म्हात्रे (काल्पनिक नाम) ने इस तरह चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि, “यह मान लेना उचित नहीं होगा कि नदी पूरी तरह हो चुकी है, क्योंकि नदी का पुनर्जीवन एक निरंतर प्रक्रिया है। शहर के प्रदूषित जल को नदी में पहुँचने से रोकना, अनियंत्रित कचरे का उचित करना, नदी का बनाए रखना और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना आज भी आवश्यक है।”

खाम नदी की कहानी हमें अपने आसपास की दुनिया को नए दृष्टिकोण से देखने का अवसर देती है। किसी नदी को समझना केवल उसके पानी को देखना नहीं, बल्कि उसके स्रोत, किनारों, जीव-जंतुओं और मनुष्य के साथ उसके संबंधों को जानना भी है। ऐसे प्रश्न ही जिज्ञासा जगाते हैं और ज्ञान को अनुभव में बदलते हैं।

कभी-कभी लगता है कि यदि खाम नदी बोल पाती, तो शायद अपने शहर से कहती—“मैंने तुम्हें जीवन दिया, बदले में केवल इतना चाहा कि तुम मुझे बहने दो। तुमने मुझे भुला दिया, लेकिन कुछ लोगों ने मुझे फिर याद किया। अब मेरी रक्षा केवल उनकी नहीं, तुम सबकी जिम्मेदारी है।”

किसी शहर की वास्तविक प्रगति उसकी ऊँची इमारतों और चौड़ी सड़कों से ही नहीं मापी जानी चाहिए। यह भी देखना होगा कि उसकी नदियाँ कितनी स्वस्थ हैं और उसके नागरिक प्रकृति के प्रति कितने संवेदनशील हैं।

क्योंकि नदी को बचाना केवल पानी को बचाना नहीं है—यह अपने भविष्य को बचाना है।

INDICOACH LEARNING TRAIL

इस विषय से जुड़े अन्य लेख

पढ़िए, जानिए और अपने विचारों को एक कदम आगे बढ़ाइए।

IndiCoach पर विषय से जुड़े अन्य अध्ययन-संसाधन पढ़ने के लिए मुख्य ब्लॉग भी देखें।

शब्द-सम्पदा | Vocabularyकठिन शब्दों के हिंदी अर्थ और अंग्रेज़ी भावार्थ

शब्द पर क्लिक करके भी अर्थ देख सकते हैं।

हिंदी शब्दहिंदी अर्थEnglish sense
कलकलपानी के बहने की मधुर ध्वनिGentle flowing sound
संवेदनशीलताप्रकृति के प्रति समझ और सजगताSensitivity / Awareness
उपेक्षाध्यान न देनाNeglect
जल-संरचनापानी के संग्रह और वितरण की व्यवस्थाWater infrastructure
अतिक्रमणअनधिकृत कब्ज़ाEncroachment
पुनर्जीवनफिर से जीवन या सक्रियता लानाRevival / Restoration
वनस्पतिकिसी क्षेत्र के पेड़-पौधेVegetation
निस्तारणअपशिष्ट को उचित तरीके से हटानाDisposal
जैव-विविधताजीवों और वनस्पतियों की विविधताBiodiversity
संकल्पदृढ़ निश्चयResolve / Determination
अब अपनी समझ को परखने का समय है!

अभ्यास टैब खोलिए और अपने वाचन एवं लेखन कौशल को परखिए।

INDICOACH PRACTICE CENTRE

अभ्यास और आत्ममूल्यांकन

अपनी आवश्यकता के अनुसार अभ्यास चुनिए।

परीक्षा संबंधी सूचना: अभ्यास 1, 2, 3, 4, 5 और 6 IndiCoach के अभ्यास-संसाधन हैं। अभ्यास 2 बहु-मिलान (Multiple Matching) का स्वतंत्र पठन-अभ्यास है।
EXERCISE 1 · READING

अभ्यास 1 – वाचन बोध

लेख के आधार पर प्रश्नों के उत्तर दीजिए। उत्तर संक्षिप्त और स्पष्ट होने चाहिए।

कुल अंक : 10
प्रश्न 1. खाम नदी किस प्रकार की नदी है? (1)
प्रश्न 2. लेखक ने खाम नदी को शहर की धड़कन क्यों कहा है? (1)
प्रश्न 3. नदी के पुनर्जीवन की शुरुआती पहल को किस फाउंडेशन ने सहयोग दिया? (1)
प्रश्न 4. छत्रपति संभाजीनगर के इतिहास में जल-संरक्षण को महत्त्व दिए जाने के क्या प्रमाण मिलते हैं? (1)
प्रश्न 5. नदी के किनारे विकसित प्रकृति उद्यान लोगों को किस प्रकार का अवसर प्रदान करता है? (1)
प्रश्न 6. खाम नदी के प्रदूषण को कम करने और उसके पुनर्जीवन की प्रक्रिया जारी रखने के लिए कौन-से तीन प्रयास आवश्यक हैं? (3)
प्रश्न 7. लेखक के अनुसार किसी शहर की वास्तविक प्रगति किन दो बातों से मापी जानी चाहिए? (2)
शिक्षक हेतु संकेत / उत्तर-जाँच
  1. मौसमी नदी।
  2. क्योंकि नदी शहर को जीवन देती है—पानी उपलब्ध कराती है, प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में मदद करती है और लोगों को प्रकृति से जोड़ती है।
  3. वर्रोक फाउंडेशन।
  4. नहरों, बावड़ियों, तालाबों और भूमिगत जलमार्गों के विस्तृत जाल से।
  5. प्रकृति के निकट आने का अवसर।
  6. गंदे पानी को नदी में पहुँचने से रोकना; कचरे का उचित निस्तारण करना; प्राकृतिक बहाव बनाए रखना; नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना। (कोई तीन)
  7. शहर की नदियाँ कितनी स्वस्थ हैं; नागरिक प्रकृति के प्रति कितने संवेदनशील हैं। (दोनों अपेक्षित)

ये मूल्यांकन-संकेत हैं; विद्यार्थी के अन्य प्रासंगिक और पाठ-आधारित उत्तर भी स्वीकार किए जा सकते हैं। प्रत्येक स्वतंत्र और सही बिंदु को निर्धारित अंक दें।

EXERCISE 2 · MULTIPLE MATCHING

अभ्यास 2 – बहु-मिलान

चार वक्ताओं के विचार पढ़िए। प्रत्येक प्रश्न के लिए उस वक्ता का अक्षर चुनिए जिसकी बात से उत्तर सबसे अच्छी तरह मेल खाता है। प्रत्येक वक्ता का उपयोग एक से अधिक बार किया जा सकता है।

कुल अंक : 10
प्रत्येक प्रश्न के लिए सही वक्ता चुनिए। प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का है। सभी उत्तर चुनने के बाद सबमिट बटन दबाएँ।

वक्ता A – नदी और जैव-विविधता विशेषज्ञ

खाम जैसी मौसमी नदी भी शहर के प्राकृतिक तंत्र का महत्त्वपूर्ण हिस्सा है। बरसात में उसका बहाव मिट्टी, छोटे जलजीवों, पक्षियों और वनस्पतियों को सहारा देता है। किनारों की हरियाली तापमान संतुलित रखती है और जीवों को आश्रय देती है। कंक्रीट फैलने या प्राकृतिक वनस्पति हटने से यह तंत्र प्रभावित होता है। इसलिए नदी की सफ़ाई का अर्थ केवल कचरा हटाना नहीं, प्राकृतिक आवास बचाना भी है।

पुनर्जीवन में प्रजातियों के पौधे लगाने चाहिए। वे मिट्टी को थामते हैं और पक्षियों तथा कीटों के लिए आवास बनाते हैं। नदी के हर हिस्से को सजावटी बाग़ में बदलना उचित नहीं; कुछ स्थान प्राकृतिक रहने चाहिए। जल-गुणवत्ता, पक्षियों और वनस्पति में बदलाव का नियमित अध्ययन हो, ताकि प्रयासों का असर समझा जा सके। प्रकृति उद्यान लोगों को नदी से जोड़ें और पर्यावरण की समझ बढ़ाएँ। नदी स्वस्थ होगी तो शहर की जैव-विविधता को बेहतर अवसर मिलेगा।

वक्ता B – शहरी जल-योजना विशेषज्ञ

शहरों में नदियों की दुर्दशा का एक कारण यह है कि विकास की योजना बनाते समय नदी को खाली ज़मीन या निर्माण में बाधा समझ लिया जाता है। नदी का अपना बहाव क्षेत्र होता है। बरसाती पानी को फैलने और आगे बढ़ने के लिए जगह चाहिए। किनारों पर अतिक्रमण हो, नालों का पानी सीधे नदी में छोड़ा जाए या प्राकृतिक रास्ते बंद हों, तो बाढ़ और प्रदूषण का जोखिम बढ़ता है।

खाम नदी के लिए पूरे जलग्रहण क्षेत्र का अध्ययन आवश्यक है। नालों का नक्शा बने, गंदे पानी के स्रोत पहचाने जाएँ और उपचार की व्यवस्था हो। वर्षा जल तथा घरेलू गंदे पानी के रास्ते अलग रखना ज़रूरी है। नदी किनारे निर्माण की अनुमति देते समय प्राकृतिक बहाव और बाढ़ के पुराने निशानों का ध्यान रखा जाए। प्रशासन, नगर नियोजक और तकनीकी विशेषज्ञ साझा योजना बनाएँ। सफलता उद्घाटन या उद्यान से नहीं, बल्कि इस बात से मापी जाए कि गंदे पानी का प्रवेश घटा या नहीं, जल-निकासी सुधरी या नहीं और नदी का प्राकृतिक रास्ता सुरक्षित रहा या नहीं।

वक्ता C – सामुदायिक स्वच्छता कार्यकर्ता

नदी बचाने की ज़िम्मेदारी केवल सरकार या किसी एक संस्था की नहीं हो सकती। घरों, दुकानों और बाज़ारों का कचरा अलग-अलग न किया जाए, तो उसका हिस्सा नालों से नदी तक पहुँच सकता है। इसलिए गीले और सूखे कचरे को अलग रखना, कचरा निर्धारित स्थान पर देना और खुले में फेंकने से बचना व्यावहारिक कदम हैं।

खाम नदी के पुनर्जीवन में समुदाय की भागीदारी लगातार बनी रहनी चाहिए। विद्यार्थी जानकारी जुटा सकते हैं, आवासीय सोसायटियाँ कचरा-बिंदुओं की सूचना दे सकती हैं और दुकानदार स्वच्छता के नियम अपना सकते हैं। एक दिन का सफ़ाई अभियान स्थायी बदलाव नहीं लाता। नदी में कचरा डालना अपने ही शहर के पर्यावरण को नुकसान पहुँचाना है। कचरा प्रबंधन से जुड़े श्रमिकों, विशेषकर महिलाओं, को सुरक्षित परिस्थितियाँ, प्रशिक्षण और सम्मानजनक रोज़गार मिलना चाहिए। स्थानीय समूह नदी की स्थिति पर निगरानी रखकर प्रशासन को सूचना दे सकते हैं। निवासी, संस्थाएँ और प्रशासन मिलकर काम करें, तभी नदी संरक्षण शहर की साझा आदत बनेगा।

वक्ता D – मोहित म्हात्रे, स्थानीय नागरिक और प्रकृति प्रेमी

मैं मोहित म्हात्रे, छत्रपति संभाजीनगर का निवासी और प्रकृति प्रेमी हूँ। खाम नदी को समझने के लिए शहर के पुराने जल-संसाधनों को याद करना ज़रूरी है। यहाँ कभी नहरों, बावड़ियों, तालाबों और भूमिगत जलमार्गों का जाल था। ये संरचनाएँ पानी जमा करने और ज़रूरत के समय पहुँचाने में मदद करती थीं। इनके पीछे वर्षा और भूगोल को समझने का अनुभव था। जल-संरक्षण नागरिक जीवन का हिस्सा था।

आज घरेलू गंदे पानी को बिना उपचार नदी में जाने से रोकना सबसे ज़रूरी है। नालों की पहचान और सफ़ाई हो, सीवेज का उपचार हो और पानी की गुणवत्ता जाँची जाए। नदी या किनारे पर प्लास्टिक, पूजा-सामग्री और निर्माण-मलबा फेंकने पर रोक हो। कचरे के लिए पर्याप्त डिब्बे और नियमित संग्रह व्यवस्था भी होनी चाहिए। प्राकृतिक बहाव में बाधा डालने वाले अतिक्रमण और अवरोधों पर ध्यान दिया जाए। पुराने तालाबों और जल-संग्रह स्थलों को बचाया जाए। नागरिक कचरा अलग कर सकते हैं, तेल या रसायन नालियों में डालने से बच सकते हैं और प्रदूषण दिखने पर विभाग को सूचना दे सकते हैं। नदी बचाना पुरानी जल-बुद्धि और आज की नागरिक ज़िम्मेदारी को जोड़ना है।

प्रश्न 1–10 : सही वक्ता चुनिए।

उत्तर के रूप में A, B, C या D चुनें।

1. किस वक्ता के अनुसार नदी के कुछ हिस्सों को सजावटी उद्यान बनाने के बजाय प्राकृतिक अवस्था में रहने देना चाहिए? (1)
3. किस वक्ता के अनुसार कचरा प्रबंधन से जुड़ी महिलाओं को सुरक्षित काम, प्रशिक्षण और सम्मानजनक रोज़गार मिलना चाहिए? (1)
2. कौन पूरे जलग्रहण क्षेत्र और नालों के नक्शे के आधार पर योजना बनाने पर ज़ोर देता है? (1)
4. किस वक्ता ने शहर की पुरानी नहरों, बावड़ियों, तालाबों और भूमिगत जलमार्गों का उल्लेख किया है? (1)
9. किस वक्ता के अनुसार नदी की सफलता का आकलन उद्घाटन या उद्यान से नहीं, बल्कि प्रदूषण और जल-निकासी में आए वास्तविक बदलाव से होना चाहिए? (1)
5. किस वक्ता के अनुसार स्थानीय पौधे मिट्टी को थामने और पक्षियों तथा कीटों को आवास देने में मदद करते हैं? (1)
8. कौन नागरिकों को तेल या रसायन नालियों में न डालने और प्रदूषण दिखने पर संबंधित विभाग को सूचना देने की सलाह देता है? (1)
7. किस वक्ता का मानना है कि एक दिन का सफ़ाई अभियान स्थायी बदलाव नहीं ला सकता? (1)
10. किस वक्ता के अनुसार नदी के पुनर्जीवन के प्रभाव को समझने के लिए जल-गुणवत्ता, पक्षियों और वनस्पतियों में होने वाले बदलावों का नियमित अध्ययन करना चाहिए? (1)
6. कौन वर्षा जल और घरेलू गंदे पानी के रास्ते अलग रखने की आवश्यकता बताता है? (1)
शिक्षक हेतु उत्तर-कुंजी
  1. A
  2. C
  3. B
  4. D
  5. B
  6. A
  7. D
  8. C
  9. A
  10. B

अंक-विभाजन: प्रत्येक सही मिलान के लिए 1 अंक; कुल 10 अंक। उत्तर-वितरण संतुलित रखा गया है और प्रश्नों का क्रम किसी दोहराते हुए पैटर्न पर आधारित नहीं है। प्रत्येक प्रश्न का लक्षित विचार एक ही वक्ता से स्पष्ट रूप से मेल खाता है।

EXERCISE 3 · NOTE MAKING

अभ्यास 3 – नोट-निर्माण

लेख में दी गई जानकारी के आधार पर संक्षिप्त नोट तैयार कीजिए।

कुल अंक : 10 | 4 + 3 + 3

भाग क – नदी की स्थिति और समस्याएँ (4 अंक)

1. खाम नदी के प्रदूषित होने और उसके प्राकृतिक परिवेश को प्रभावित करने वाले दो-दो कारण लिखिए। [4]

भाग ख – पुनर्जीवन के प्रयास (3 अंक)

2. नदी के पुनर्जीवन के लिए किए गए तीन प्रमुख कार्य लिखिए। (3)

भाग ग – उपलब्धियाँ और भविष्य (3 अंक)

3. पुनर्जीवन प्रयास से जुड़ी दो उपलब्धियाँ और एक आवश्यक भावी कार्य लिखिए। (3)
नोट-निर्माण में लंबे वाक्यों के बजाय संक्षिप्त, सटीक और प्रासंगिक जानकारी लिखिए।
शिक्षक हेतु संकेत / संभावित उत्तर
  1. प्रदूषण के कारण: घरों का गंदा पानी; प्लास्टिक, कचरा और अन्य अपशिष्ट।
  2. प्राकृतिक परिवेश में बदलाव: नदी-किनारों पर अतिक्रमण; प्राकृतिक वनस्पति में कमी।
  3. प्रयास: कचरा प्रबंधन बेहतर करना; स्थानीय वनस्पति विकसित करना; प्रदूषण के स्रोतों की पहचान; लोगों/स्थानीय समुदाय को जोड़ना; श्रमिकों को बेहतर अवसर देना। (कोई तीन)
  4. उपलब्धियाँ: लगभग 10.5 एकड़ का प्रकृति उद्यान; 26 जनवरी 2022 को उद्घाटन; अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार/मान्यता। भावी कार्य: गंदे पानी को नदी में जाने से रोकना, कचरे का उचित निस्तारण, प्राकृतिक बहाव और नागरिक भागीदारी बनाए रखना। (दो उपलब्धियाँ + एक कार्य)

विद्यार्थी के संक्षिप्त, सटीक और पाठ-आधारित विकल्पों को भी स्वीकार करें।

EXERCISE 4 · MCQ

अभ्यास 4 – बहुविकल्पीय प्रश्न

सही विकल्प चुनिए। प्रत्येक प्रश्न में केवल एक उत्तर सही है।

कुल प्रश्न : 10 | कुल अंक : 10
1. खाम नदी किस प्रकार की नदी है?
2. खाम नदी किस नदी तंत्र से जुड़ती है?
3. नदी के पुनर्जीवन प्रयास में किस संस्था का उल्लेख है?
4. इकोसत्त्व की सह-संस्थापक कौन हैं?
5. प्रकृति उद्यान का उद्घाटन कब हुआ?
6. प्रकृति उद्यान में किस पद्धति से वन क्षेत्र विकसित किया गया?
7. नदी के प्रदूषण का एक प्रमुख कारण क्या था?
8. नदी पुनर्जीवन में किस सामाजिक पक्ष पर ध्यान दिया गया?
9. खाम नदी पुनर्जीवन प्रयास को सेंट एंड्रयूज़ पुरस्कार किस वर्ष मिला?
10. लेखक के अनुसार नदी को बचाना किसके समान है?
EXERCISE 5 · INFORMAL EMAIL

अभ्यास 5 – अनौपचारिक ईमेल लेखन

आपने हाल ही में खाम नदी के पुनर्जीवन के बारे में एक लेख पढ़ा है। अपने मित्र को ईमेल लिखकर बताइए कि इस नदी को स्वच्छ बनाने के लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं और इस पहल से आपको क्या सीख मिली है।

अपने ईमेल में इन तीन बातों का उल्लेख कीजिए:
  1. खाम नदी की पहले की स्थिति और प्रदूषण के कारण।
  2. नदी को पुनर्जीवित करने के लिए किए गए प्रयास।
  3. इस कहानी से मिली सीख और अपने शहर के लिए आपका सुझाव।

शब्द-सीमा : 120–160 शब्द

विषय-वस्तु : 6 अंक | भाषा : 9 अंक | कुल : 15 अंक

शब्द : 0 | निर्धारित सीमा : 120–160

लेखन पूरा होने पर शब्द-सीमा की जाँच यहाँ दिखाई देगी।

संबोधन, उद्देश्य, तीनों विषय-बिंदु और उपयुक्त समापन शामिल करें।
EXERCISE 6 · FORMAL WRITING

अभ्यास 6 – विस्तृत लेखन

“नदियाँ केवल जलधारा नहीं, हमारी सभ्यता की जीवनरेखा हैं।”

17. आपके स्थानीय समाचार पत्र में खाम नदी के पुनर्जीवन और उसे स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने की आवश्यकता के विषय में एक रिपोर्ट प्रकाशित की जानी है। इस विषय पर अपने स्थानीय समाचार पत्र के लिए एक रिपोर्ट लिखिए।

नीचे कुछ लोगों की टिप्पणियाँ दी गई हैं।

  • नदी में गंदे पानी का पहुँचना रोकना सबसे ज़रूरी है।
  • नदी के किनारे कचरा फेंकने पर सख़्ती से रोक लगनी चाहिए।
  • प्रकृति उद्यान और हरित क्षेत्र नदी के पर्यावरण को बेहतर बना सकते हैं।
  • नदी को बचाने के लिए स्थानीय नागरिकों की भागीदारी भी आवश्यक है।

इन टिप्पणियों से आपको कुछ विचार मिल सकते हैं। आप इनमें से किसी का भी उपयोग कर सकते हैं, लेकिन आपको अपने विचार भी शामिल करने चाहिए।

लगभग 120–160 शब्दों में रिपोर्ट लिखिए।

अंक-विभाजन : अंतर्वस्तु – 6 अंक | भाषा – 9 अंक | कुल – 15 अंक

शब्द : 0 | निर्धारित सीमा : 120–160

लेखन पूरा होने पर शब्द-सीमा की जाँच यहाँ दिखाई देगी।

रिपोर्ट का उपयुक्त शीर्षक दीजिए। औपचारिक भाषा, तथ्यात्मक प्रस्तुति, विचारों का क्रम और स्पष्ट निष्कर्ष बनाए रखिए।

आदर्श अपेक्षित उत्तर

खाम नदी का पुनर्जीवन : शहर की साझा ज़िम्मेदारी

छत्रपति संभाजीनगर की खाम नदी को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए पिछले कुछ वर्षों में कई प्रयास किए गए हैं। नदी के किनारे विकसित प्रकृति उद्यान और हरित क्षेत्र इस दिशा में महत्त्वपूर्ण पहल हैं। फिर भी नदी को प्रदूषण से पूरी तरह मुक्त करने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।

सबसे पहले, घरों और अन्य स्थानों से निकलने वाले गंदे पानी को नदी में मिलने से रोकना होगा। नदी के किनारे कचरा फेंकने पर सख़्ती से रोक लगानी चाहिए और कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करना चाहिए। इसके साथ ही, स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं और प्रशासन को मिलकर जागरूकता बढ़ानी चाहिए।

नदी का पुनर्जीवन केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। यह शहर के प्रत्येक नागरिक की साझा ज़िम्मेदारी है।

ध्यान दें : यह एक नमूना उत्तर है। विद्यार्थी अन्य प्रासंगिक विचारों, उदाहरणों और उपयुक्त रिपोर्ट-शैली के माध्यम से भी पूरे अंक प्राप्त कर सकते हैं।

MY LEARNING RECORDS

हर अभ्यास का अलग अध्ययन रिकॉर्ड

अपना नाम एक बार लिखें। इसके बाद जिस अभ्यास का रिकॉर्ड बनाना हो, उसी अभ्यास का अलग परिणाम तैयार और साझा करें।

अभ्यास 1 · वाचन बोध

उत्तर दिए गए प्रश्नों का रिकॉर्ड। इसका मूल्यांकन शिक्षक करेंगे।

अभ्यास 2 · बहु-मिलान

स्वचालित जाँच और 10 में से प्राप्त अंक।

अभ्यास 3 · नोट-निर्माण

उत्तर दिए गए भागों का रिकॉर्ड। इसका मूल्यांकन शिक्षक करेंगे।

अभ्यास 4 · बहुविकल्पीय प्रश्न

स्वचालित जाँच और 10 में से प्राप्त अंक।

अभ्यास 5 · ईमेल लेखन

लिखे गए शब्दों और शब्द-सीमा का रिकॉर्ड।

अभ्यास 6 · विस्तृत लेखन

लिखे गए शब्दों और शब्द-सीमा का रिकॉर्ड।

ध्यान दें: अभ्यास 1 और 3 के उत्तर तथा अभ्यास 5 और 6 का लेखन स्वचालित रूप से अंकित नहीं किया जाता। इनके रिकॉर्ड में उत्तर/शब्द-संख्या दर्ज होगी; वास्तविक मूल्यांकन शिक्षक करेंगे।

IndiCoach | सीख की नई सोच!

हर सीख एक नई दृष्टि की शुरुआत है।

✍️ अरविंद बारी

www.indicoach.in

IGCSE Hindi Learning Resources · Reading · Writing · Language Development

#अरविंदबारी #ArvindBari #इंडिकोच #IndiCoach

रविवार, 15 नवंबर 2026

शालीन भैया : पंकज त्रिपाठी

IndiCoach विशेष लेख : शालीन भैया – पंकज त्रिपाठी, एक अभिनेता अनेक पहचानें
INDICOACH INTERNATIONAL PRESENTS

शालीन भैया : पंकज त्रिपाठी – एक अभिनेता, अनेक पहचानें!

वास्तविक जीवन, पर्दे के किरदार और पहचान के अनेक आयाम | IGCSE एवं IBDP हिंदी

साझा मूल पठन सामग्री

यह लेख IGCSE और IBDP — दोनों पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए समान है। ऊपर दिए गए टैब केवल पाठ्यक्रम-विशिष्ट अध्ययन और गतिविधियाँ बदलते हैं।

वाचन सहायक साथी™लेख को सुनिए, समझिए और अपनी गति से दोबारा सुनिए।

तैयार — सुनना शुरू करें। यदि आवाज़ उपलब्ध न हो, तो अपने मोबाइल/ब्राउज़र में Hindi (India) वाचन आवाज़ सक्षम करें।

शालीन भैया : पंकज त्रिपाठी – एक अभिनेता, अनेक पहचानें!

पर्दे के कालीन भैया से वास्तविक जीवन के पंकज त्रिपाठी तक का सफर

कभी आपने सोचा है कि जिस व्यक्ति को देखकर आपके मन में डर पैदा होता है, वही व्यक्ति वास्तविक जीवन में कितना सहज और आत्मीय हो सकता है? जिस चेहरे पर पर्दे पर सत्ता का अहंकार दिखाई देता है, उसी चेहरे पर वास्तविक जीवन में एक सरल मुस्कान भी हो सकती है। भारतीय सिनेमा में पंकज त्रिपाठी एक ऐसे कलाकार हैं, जिनकी अभिनय यात्रा हमें केवल अभिनय की विविधता नहीं, बल्कि मनुष्य की अनेक पहचानों को समझने का अवसर भी देती है।

वेब सीरीज़ ‘मिर्जापुर’ के कालीन भैया को कौन भूल सकता है! सफेद कपड़े, गंभीर चेहरा, धीमी आवाज़ और संवादों के बीच एक खास ठहराव। उनका एक-एक शब्द मानो किसी आदेश से कम नहीं होता। सत्ता, भय और दबदबे का पर्याय बन चुका यह किरदार दर्शकों के मन में ऐसी छाप छोड़ता है कि कई बार अभिनेता और उसके निभाए पात्र के बीच का अंतर ही धुँधला पड़ जाता है। लेकिन ज़रा ठहरिए! क्या पंकज त्रिपाठी वास्तव में ऐसे ही हैं? क्या किसी कलाकार की पहचान उसके द्वारा निभाए गए किरदारों से ही तय होनी चाहिए? शायद नहीं। यहीं से शुरू होती है ‘शालीन भैया’ की दिलचस्प कहानी। यह कोई आधिकारिक उपाधि नहीं, बल्कि एक दर्शक की ओर से उनके व्यक्तित्व की सार्वजनिक छवि को दिया गया आत्मीय संबोधन है।

बिहार के गोपालगंज जिले के बेलसंड गाँव में जन्मे पंकज त्रिपाठी का बचपन ग्रामीण परिवेश में बीता। किसान परिवार से आने के कारण खेत-खलिहान, गाँव के लोग, स्थानीय संस्कृति और सामान्य जीवन की चुनौतियाँ उनके अनुभवों का हिस्सा रहीं। गाँव में त्योहारों के अवसर पर नाटक प्रस्तुत करने की परंपरा ने अभिनय के प्रति उनके आकर्षण को बढ़ाया। आगे चलकर वे पटना पहुँचे, जहाँ पढ़ाई और काम के साथ रंगमंच से उनका जुड़ाव बना रहा। होटल में काम करने के बावजूद उनका मन अभिनय में रमता था। उन्होंने राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में प्रवेश पाने के लिए कई बार प्रयास किया और चौथे प्रयास में वर्ष 2001 में सफल हुए। यह संघर्ष केवल एक अभिनेता बनने की कहानी नहीं, बल्कि अपने सपने को पहचानने और उसके लिए धैर्यपूर्वक प्रयास करते रहने की कहानी भी है।

राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वे वर्ष 2004 में मुंबई पहुँचे। मायानगरी में कदम रखना और अपनी प्रतिभा के लिए जगह बनाना दो अलग-अलग चुनौतियाँ थीं। शुरुआती वर्षों में उन्हें अपेक्षाकृत छोटी भूमिकाएँ मिलीं, लेकिन उन्होंने अपने काम को कभी छोटा नहीं समझा। धीरे-धीरे उनकी अभिनय क्षमता ने दर्शकों और फिल्मकारों का ध्यान आकर्षित किया। ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’, ‘न्यूटन’, ‘स्त्री’, ‘मिमी’ और ‘मिर्जापुर’ जैसी प्रस्तुतियों ने उन्हें अलग-अलग पहचानें दीं। उनकी विशेषता यह रही कि वे अपने किरदार को केवल संवादों के सहारे जीवंत नहीं करते, बल्कि चेहरे के भाव, आवाज़ के उतार-चढ़ाव, मौन और सहज शारीरिक भाषा से भी उसमें जान डाल देते हैं। एक कलाकार के रूप में उनकी यही क्षमता उन्हें अलग-अलग सामाजिक और मनोवैज्ञानिक पृष्ठभूमि वाले पात्रों को विश्वसनीय ढंग से निभाने में मदद करती है।

पंकज त्रिपाठी की सार्वजनिक छवि का एक उल्लेखनीय पक्ष उनकी सहजता और विनम्रता है। उनके व्यक्तित्व पर चर्चा करते समय उनके गाँव और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता। उन्होंने अपने गाँव और वहाँ के लोगों से मिलने वाले अनुभवों को अपनी पहचान का महत्त्वपूर्ण हिस्सा बताया है। शायद यही कारण है कि उनके अभिनय में दर्शकों को अपने आसपास के सामान्य लोगों की झलक मिलती है। वे हमें यह सोचने का अवसर देते हैं कि प्रभावशाली होने के लिए हमेशा ऊँची आवाज़, महँगे कपड़े, बाहरी दिखावा या दूसरों पर अधिकार जमाना आवश्यक नहीं है। कभी-कभी शालीनता, संयम और सहजता भी व्यक्तित्व को उतना ही प्रभावशाली बना सकते हैं।

यहीं ‘शालीन भैया’ नाम का अर्थ और गहरा हो जाता है। शालीनता का अर्थ केवल धीमी आवाज़ में बोलना, मुस्कराना या विनम्र शब्दों का प्रयोग करना नहीं है। इसका संबंध इस बात से भी है कि व्यक्ति सफलता मिलने के बाद अपने अतीत को किस दृष्टि से देखता है, अपनी जड़ों को कितना महत्त्व देता है और दूसरों के प्रति कैसा व्यवहार रखता है। हम पंकज त्रिपाठी के निजी जीवन के बारे में कोई अंतिम निर्णय नहीं दे सकते, लेकिन उनके सार्वजनिक वक्तव्यों और उपलब्ध साक्षात्कारों से बनी छवि में एक ऐसे कलाकार की झलक मिलती है जो लोकप्रियता के बावजूद साधारण जीवन की कहानियों और अनुभवों को महत्त्व देता है। इसलिए ‘शालीन भैया’ कहना किसी व्यक्ति को आदर्श घोषित करना नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व के उस पक्ष को रेखांकित करना है जो दर्शकों को आत्मीय लगता है।

13 नवंबर 2026 को Sony LIV पर प्रदर्शित फिल्म ‘पारिवारिक मनुरंजन’ में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर दर्शकों के सामने एक अलग अंदाज़ में उपस्थित हुए। वरुण वी. शर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वे रंजन दुबे की भूमिका निभा रहे हैं और उनके साथ अदिति राव हैदरी भी प्रमुख भूमिका में हैं। इस फिल्म के संदर्भ में दिए गए एक साक्षात्कार में पंकज त्रिपाठी ने बताया कि रंजन के विचार उनके अपने विचारों से मेल खाते हैं। उन्होंने पुरुषत्व की प्रचलित आक्रामक छवि पर भी सवाल उठाया। उनके अनुसार ‘अल्फा मेल’ यानी प्रभावशाली पुरुष की पहचान केवल आक्रामकता, अहंकार या दूसरों पर प्रभुत्व जमाने से नहीं होनी चाहिए। नेतृत्व करने वाला व्यक्ति विचारशील और संवेदनशील भी हो सकता है।

यह विचार केवल सिनेमा तक सीमित नहीं है। हमारे समाज में अक्सर लड़कों को बचपन से सिखाया जाता है कि उन्हें रोना नहीं चाहिए, डरना नहीं चाहिए और हर परिस्थिति में कठोर बने रहना चाहिए। धीरे-धीरे इन अपेक्षाओं को पुरुषत्व की पहचान मान लिया जाता है। लेकिन क्या संवेदनशील होना कमजोरी है? क्या किसी की बात ध्यान से सुनना, अपनी गलती स्वीकार करना या दूसरों की भावनाओं का सम्मान करना किसी व्यक्ति के प्रभाव को कम कर देता है? पंकज त्रिपाठी की यह सोच हमें इन धारणाओं पर पुनर्विचार करने के लिए प्रेरित करती है। वास्तविक नेतृत्व शायद दूसरों को दबाने में नहीं, बल्कि उन्हें समझने और साथ लेकर चलने में दिखाई देता है।

कालीन भैया और रंजन दुबे को एक साथ याद कीजिए। एक ओर ऐसा पात्र है जिसके सामने लोग अपनी आवाज़ धीमी कर लेते हैं, दूसरी ओर ऐसा किरदार है जिसकी दुनिया सामान्य मानवीय संबंधों और जीवन की सहज परिस्थितियों से जुड़ी है। इन दोनों भूमिकाओं का अंतर हमें अभिनय की वास्तविक शक्ति समझाता है। एक ही कलाकार अलग-अलग सामाजिक परिस्थितियों, भावनाओं और व्यक्तित्वों को विश्वसनीय बना सकता है। लेकिन इससे भी बड़ा प्रश्न यह है कि हम किसी व्यक्ति को किस आधार पर पहचानते हैं? उसकी लोकप्रिय भूमिका से, उसके पेशे से, उसके व्यवहार से या उसके जीवन-मूल्यों से?

आज सोशल मीडिया के दौर में पहचान का प्रश्न और भी जटिल हो गया है। हम किसी व्यक्ति की कुछ तस्वीरें देखते हैं, उसके कुछ वीडियो सुनते हैं और उसके बारे में अपनी राय बना लेते हैं। कई बार हमारी धारणा वास्तविक व्यक्ति से अधिक उसकी सार्वजनिक छवि पर आधारित होती है। किसी अभिनेता को उसके निभाए नकारात्मक किरदार के कारण वास्तविक जीवन में भी वैसा ही मान लेना इसी मानसिकता का उदाहरण है। पंकज त्रिपाठी का उदाहरण हमें इस जल्दबाजी से बचने की सीख देता है। किसी व्यक्ति को समझने के लिए उसके व्यक्तित्व के अनेक पक्षों को देखना आवश्यक है। एक व्यक्ति कलाकार भी हो सकता है, परिवार का सदस्य भी, अपनी भाषा और संस्कृति का प्रतिनिधि भी और एक संवेदनशील नागरिक भी। इनमें से कोई एक पहचान उसकी पूरी कहानी नहीं कह सकती।

उनकी यात्रा से एक और महत्त्वपूर्ण बात सामने आती है। आधुनिकता और सफलता का अर्थ अपनी जड़ों से दूर हो जाना नहीं है। अपनी मातृभाषा, बोली और सांस्कृतिक पहचान पर गर्व करते हुए भी राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर अपनी जगह बनाई जा सकती है। छोटे शहरों और गाँवों से आने वाले युवाओं के लिए यह संदेश विशेष महत्त्व रखता है। अपनी पृष्ठभूमि को कमजोरी समझने के बजाय उसे अपनी विशिष्टता और अनुभवों की ताकत बनाना अधिक सार्थक है। किसी नई भाषा को सीखना प्रगति है, लेकिन अपनी भाषा को कमतर समझना प्रगति नहीं हो सकती।

IBDP हिंदी बी के ‘पहचान’ विषय के संदर्भ में पंकज त्रिपाठी की यात्रा एक रोचक उदाहरण प्रस्तुत करती है। उनकी व्यक्तिगत पहचान में गाँव और परिवार के अनुभव हैं, सांस्कृतिक पहचान में बिहार की मिट्टी और भाषा का प्रभाव है, पेशेवर पहचान में अनेक यादगार किरदार हैं और सार्वजनिक पहचान में दर्शकों का स्नेह है। इन सभी पहचानों के बीच एक-दूसरे से संबंध भी है और अंतर भी। यही समझना आवश्यक है कि पहचान कोई स्थिर परिचय-पत्र नहीं, बल्कि अनुभवों, संबंधों, भाषा, संस्कृति और समय के साथ विकसित होने वाली प्रक्रिया है।

शायद इसीलिए पंकज त्रिपाठी को केवल कालीन भैया के रूप में याद करना उनके अभिनय और व्यक्तित्व, दोनों को सीमित कर देना होगा। वे पर्दे पर कालीन भैया हो सकते हैं, किसी दूसरी कहानी में रंजन दुबे और वास्तविक जीवन में पंकज त्रिपाठी। इन पहचानों के बीच उनकी अभिनय क्षमता हमें यह समझाती है कि मनुष्य को किसी एक भूमिका या छवि में बाँधकर नहीं देखा जा सकता। कलाकार का काम अलग-अलग जीवनों को समझना और उन्हें विश्वसनीय बनाना है; दर्शक का काम उन भूमिकाओं और वास्तविक व्यक्ति के बीच अंतर बनाए रखना है।

आखिरकार, पहचान का अर्थ केवल यह नहीं है कि दुनिया हमें किस नाम से जानती है। असली प्रश्न यह है कि हम स्वयं को किस रूप में देखते हैं और हमारे व्यवहार से दूसरों को कैसा अनुभव होता है। क्या हम भी अपनी सार्वजनिक छवि और वास्तविक व्यक्तित्व के बीच कभी अंतर महसूस करते हैं? और यदि दुनिया हमें किसी एक पहचान से जानती है, तो क्या वही हमारी पूरी पहचान बन जाती है?

पर्दे पर कालीन भैया का दबदबा हो सकता है, लेकिन दर्शकों के मन में ‘शालीन भैया’ के लिए जगह उनकी सहजता, संवेदनशीलता और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की छवि बनाती है। शायद असली शालीनता यही है कि व्यक्ति अपनी सफलता के शोर में अपने भीतर की आवाज़ सुनना न भूले।

संदर्भ एवं तथ्य-जाँच:
1. Theatre mein chunauti aur maza, dono zyada hai: Pankaj Tripathi, The Indian Express, 2023 — https://indianexpress.com/article/lifestyle/art-and-culture/actor-pankaj-tripathi-interview-acting-nsd-theatre-brm-8460771/
2. What’s in a Name?, The Indian Express, 2017 — https://indianexpress.com/article/entertainment/bollywood/whats-in-a-name-pankaj-tripathi-interview-gurgaon-4746353/
3. Parivarik ManuRanjan to premiere on Sony LIV on November 13, Hindustan Times, 30 October 2026 — https://www.hindustantimes.com/entertainment/bollywood/exclusive-pankaj-tripathi-and-aditi-rao-hydari-parivarik-manuranjan-to-premiere-on-sony-liv-on-november-13-101793349373155.html
4. Pankaj Tripathi calls out Hindi films for promoting chest-thumping masculinity, Hindustan Times, 13 November 2026 — https://www.hindustantimes.com/entertainment/bollywood/pankaj-tripathi-calls-out-hindi-films-for-promoting-chest-thumping-masculinity-says-alpha-male-needs-to-be-woke-interview-parivarik-manuranjan-101794559142216-amp.html
पठन सामग्री को पढ़ने और सुनने के बाद अब अपनी कक्षा के अनुसार अध्ययन-पथ चुनिए। IGCSE और IBDP के लिए आगे अलग-अलग अभ्यास, प्रश्न और लेखन गतिविधियाँ दी गई हैं।
अपना पाठ्यक्रम चुनें — साझा मूल पठन सामग्री ऊपर है; नीचे दोनों पाठ्यक्रमों के लिए अलग-अलग अभ्यास और गतिविधियाँ हैं।
IGCSE GREEN TRACKReading & Writing

IGCSE Hindi 0549 : पठन और अभिव्यक्ति

इस अध्ययन-पथ में साझा लेख को ध्यानपूर्वक पढ़कर स्पष्ट जानकारी, निहित अर्थ, शब्द-चयन और लेखक के दृष्टिकोण को समझने पर ध्यान दें। उत्तर अपने शब्दों में, सटीक और पाठ-आधारित रखें।

पठन-बोध : अपनी समझ जाँचिए

1. पंकज त्रिपाठी का जन्म कहाँ हुआ और उनके बचपन के अनुभवों ने उनकी पहचान को किस प्रकार प्रभावित किया?
2. राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में प्रवेश पाने के लिए उन्हें कितने प्रयास करने पड़े? इस प्रसंग से उनके स्वभाव का कौन-सा पक्ष सामने आता है?
3. लेखक ने ‘शालीन भैया’ को आधिकारिक उपाधि न मानकर आत्मीय संबोधन क्यों कहा है?
4. कालीन भैया और रंजन दुबे के किरदारों में क्या अंतर है? अपने उत्तर के लिए लेख से दो संकेत दीजिए।
5. लेख के अनुसार किसी व्यक्ति की सार्वजनिक छवि और उसकी पूरी पहचान में क्या अंतर हो सकता है?

शब्द-संपदा

इन शब्दों के अर्थ संदर्भ के आधार पर समझिए और प्रत्येक का एक मौलिक वाक्य बनाइए : शालीनता, संवेदनशीलता, सांस्कृतिक जड़ें, सार्वजनिक छवि, प्रभुत्व, आत्मीय, बहुआयामी।

लेखन-अभ्यास

ई-मेल / अनौपचारिक लेखन: अपने मित्र को ई-मेल लिखिए। उसमें बताइए कि किसी कलाकार के वास्तविक व्यक्तित्व और उसके पर्दे के किरदार में अंतर समझना क्यों आवश्यक है। (120–160 शब्द)
विचारात्मक लेखन: “व्यक्ति की पहचान उसके पहनावे या प्रसिद्धि से नहीं, बल्कि उसके विचारों और व्यवहार से बनती है।” इस कथन पर अपने विचार प्रस्तुत कीजिए। (120–160 शब्द)

स्व-मूल्यांकन

  • क्या मैंने उत्तर में पाठ से सही जानकारी चुनी?
  • क्या मैंने निहित अर्थ को अपने शब्दों में समझाया?
  • क्या मेरे लेखन में विचारों का क्रम और भाषा की शुद्धता बनी रही?
IBDP BLUE TRACKTheme: Identities

IBDP Hindi B : पहचान (Identities)

इस अध्ययन-पथ में लेख को केवल अभिनेता की जीवन-कथा की तरह न पढ़ें। इसे व्यक्तिगत, सांस्कृतिक, सामाजिक और मीडिया-निर्मित पहचान के परस्पर संबंधों की पड़ताल के रूप में देखें। अपने विचारों को उदाहरणों और तर्कों से पुष्ट करें।

वैचारिक पड़ताल

1. व्यक्तिगत पहचान: पंकज त्रिपाठी की जीवन-यात्रा में गाँव, परिवार और संघर्ष की भूमिका को स्पष्ट कीजिए। क्या व्यक्ति अपनी जड़ों से दूर हुए बिना बदल सकता है?
2. सांस्कृतिक पहचान: मातृभाषा, स्थानीय बोली और ग्रामीण अनुभव किसी कलाकार की अभिव्यक्ति को किस प्रकार विशिष्ट बना सकते हैं?
3. सामाजिक पहचान: दर्शक किसी अभिनेता को उसके लोकप्रिय किरदार से जोड़कर देखने लगते हैं। यह प्रवृत्ति व्यक्ति की वास्तविक पहचान को किस तरह प्रभावित कर सकती है?
4. मीडिया और पहचान: सोशल मीडिया तथा लोकप्रिय संस्कृति किसी व्यक्ति की सार्वजनिक छवि बनाने में कितनी भूमिका निभाते हैं? क्या यह छवि हमेशा संपूर्ण होती है?
5. लैंगिक पहचान: आक्रामकता को पुरुषत्व का अनिवार्य गुण मानने वाली सामाजिक धारणा पर लेख में प्रस्तुत विचारों के आधार पर चर्चा कीजिए।

चर्चा और विश्लेषण

विचार-विमर्श: “हमारी पहचान वह नहीं है जो दुनिया हमारे बारे में सोचती है; वह भी है जिसे हम अपने भीतर सँजोते हैं।” इस कथन की सीमाओं और संभावनाओं पर चर्चा कीजिए।
तुलनात्मक दृष्टि: कालीन भैया और रंजन दुबे के पात्रों के माध्यम से अभिनय, सामाजिक भूमिका और व्यक्तिगत पहचान के अंतर का विश्लेषण कीजिए।

मौखिक अभिव्यक्ति / IO की तैयारी

इस प्रश्न पर 2–3 मिनट का सुव्यवस्थित मौखिक वक्तव्य तैयार कीजिए : “लोकप्रिय छवि और वास्तविक पहचान के बीच तनाव आधुनिक समाज की एक महत्त्वपूर्ण चुनौती है।”

  • आरंभ में पहचान की अवधारणा स्पष्ट करें।
  • लेख से एक उपयुक्त उदाहरण चुनें।
  • भारतीय समाज या अपने अनुभव से संबंध स्थापित करें।
  • अंत में संतुलित निष्कर्ष प्रस्तुत करें।

विस्तृत लेखन

विश्लेषणात्मक निबंध: “भाषा, संस्कृति और सामाजिक अपेक्षाएँ व्यक्ति की पहचान को निरंतर आकार देती हैं।” पंकज त्रिपाठी की यात्रा और अपने समाज के उदाहरणों के आधार पर इस कथन का विश्लेषण कीजिए।
INDICOACH PAPER 1 MASTERCLASS

Paper 1 Writing Studio : फिल्म समीक्षा

एक ही विषय, दो स्तरों की अलग तैयारी। अपना स्तर चुनें और उसी के अनुरूप मार्गदर्शन, अभ्यास, आदर्श उत्तर तथा अंक-योजना देखें।

SL तैयारी : स्पष्टता, प्रासंगिकता और संतुलित मूल्यांकन

SL में आपका लक्ष्य
सीमित शब्दों में फिल्म का परिचय दें, उसके प्रमुख पक्षों का मूल्यांकन करें और लक्षित पाठकों को स्पष्ट सुझाव दें। हर बिंदु को उदाहरण या कारण से जोड़ें।

क्या करें?

  • शीर्षक ऐसा रखें जिससे समीक्षा का दृष्टिकोण स्पष्ट हो।
  • प्रारंभ में फिल्म का नाम, उपलब्ध जानकारी के अनुसार निर्देशक/कलाकार और समीक्षा का संदर्भ दें।
  • कथानक का केवल आवश्यक परिचय दें; कहानी का अंत या महत्त्वपूर्ण मोड़ उजागर न करें।
  • अभिनय, पटकथा, निर्देशन, हास्य/भावनात्मक प्रभाव जैसे पक्षों में से प्रासंगिक पक्ष चुनें।
  • “मुझे अच्छा लगा” कहने के बजाय कारण और उदाहरण दें।
  • अंत में लक्षित पाठकों के लिए संतुलित सिफारिश करें।

क्या न करें?

  • पूरी कहानी को क्रमवार दोहराकर समीक्षा को कथासार न बनाएँ।
  • बिना प्रमाण “सर्वश्रेष्ठ”, “लाजवाब” या “पूरी तरह निराशाजनक” जैसे अतिशयोक्तिपूर्ण दावे न करें।
  • प्रश्न में दिए गए पाठक-वर्ग और उद्देश्य को न भूलें।
  • फिल्म के ऐसे दृश्य, संवाद या तकनीकी तथ्य न गढ़ें जिन्हें आपने देखा/सत्यापित नहीं किया।
  • शब्द-सीमा से बहुत कम या बहुत अधिक न लिखें।

SL अभ्यास प्रश्न : तीन विकल्पों में से एक चुनिए

आपके विद्यालय की हिंदी पत्रिका में “समकालीन भारतीय सिनेमा” विशेषांक प्रकाशित हो रहा है। आपने पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी अभिनीत Parivarik ManuRanjan देखी है। पाठकों के लिए ऐसा लेखन तैयार कीजिए जिससे उन्हें फिल्म की विषय-वस्तु, अभिनय और मनोरंजन-मूल्य का अंदाज़ा हो तथा वे तय कर सकें कि उन्हें यह फिल्म देखनी चाहिए या नहीं।

विकल्प A: फिल्म समीक्षा लिखिए।
विकल्प B: विद्यालय पत्रिका के लिए भाषण लिखिए।
विकल्प C: अपने मित्र को निजी डायरी में संबोधित करते हुए प्रविष्टि लिखिए।

कौशल चुनौती: कौन-सा विकल्प पाठक-वर्ग और उद्देश्य के सबसे अनुकूल है? क्यों?

संकेत : विधा-चयन का तर्क

सबसे स्वाभाविक चुनाव : A — फिल्म समीक्षा। पाठक फिल्म देखने का निर्णय लेना चाहते हैं; समीक्षा में कथासार, विश्लेषण, मूल्यांकन और सिफारिश एक ही विधा में स्वाभाविक रूप से समाहित होते हैं। भाषण भी संभव है, पर प्रश्न में मौखिक प्रस्तुति का संदर्भ नहीं है। निजी डायरी का निजी पाठक-वर्ग इस सार्वजनिक उद्देश्य से मेल नहीं खाता। परीक्षा में केवल “A” लिखना पर्याप्त नहीं—वास्तविक उत्तर में समीक्षा की भाषा और परंपराएँ निभानी होंगी।

SL आदर्श उत्तर · फिल्म समीक्षा

हँसी के बहाने रिश्तों की पड़ताल : ‘Parivarik ManuRanjan’ कैसी लगी?

IndiCoach विद्यालय पत्रिका के लिए विशेष फिल्म समीक्षा

परिवार, रिश्ते और बदलती सामाजिक अपेक्षाएँ भारतीय सिनेमा के प्रिय विषय रहे हैं। पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी अभिनीत Parivarik ManuRanjan इसी परिचित संसार को मनोरंजन के माध्यम से देखने का अवसर देती है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी रंजन दुबे की भूमिका में हैं। उनके साथ अदिति राव हैदरी की उपस्थिति कहानी को एक अलग रंग देती है।

फिल्म की सबसे बड़ी आकर्षक बात इसका पारिवारिक परिवेश और हल्के-फुल्के अंदाज़ में रिश्तों को देखने का प्रयास है। पंकज त्रिपाठी की अभिनय-शैली की विशेषता उनका सहज संवाद-प्रस्तुतीकरण और छोटे-छोटे भावों से चरित्र को विश्वसनीय बनाना है। वे अक्सर बिना ऊँची आवाज़ या अनावश्यक नाटकीयता के दर्शकों का ध्यान खींच लेते हैं। इस तरह का अभिनय उन दर्शकों को पसंद आ सकता है जो चमक-दमक से अधिक स्वाभाविकता को महत्त्व देते हैं। अदिति राव हैदरी की मौजूदगी फिल्म के संबंधपरक पक्ष को आगे बढ़ाने में सहायक है।

फिल्म को देखते समय यह प्रश्न भी उभरता है कि परिवार में हमारी भूमिकाएँ कितनी बार सामाजिक अपेक्षाओं से तय होती हैं। क्या हर व्यक्ति को एक तय साँचे में फिट होना चाहिए, या उसे अपनी पसंद और स्वभाव के अनुसार जीवन जीने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए? इस दृष्टि से फिल्म को केवल हल्के मनोरंजन के रूप में नहीं, बल्कि रिश्तों और व्यक्तिगत चुनावों पर बातचीत शुरू करने वाले अवसर के रूप में भी देखा जा सकता है।

हालाँकि, पारिवारिक मनोरंजन की इस शैली में कुछ दर्शकों को परिचित प्रसंग और अनुमानित मोड़ देखने को मिल सकते हैं। यदि कोई दर्शक तेज़ गति, लगातार रोमांच या जटिल कथानक की अपेक्षा करता है, तो उसे फिल्म का सहज मिज़ाज धीमा लग सकता है। इसलिए इसे देखने से पहले अपनी पसंद को ध्यान में रखना उचित होगा।

कुल मिलाकर, Parivarik ManuRanjan उन दर्शकों के लिए एक विकल्प हो सकती है जो हल्के मनोरंजन के साथ पारिवारिक संबंधों पर विचार करना चाहते हैं। पंकज त्रिपाठी की सहज अभिनय-शैली इसके आकर्षण का महत्त्वपूर्ण हिस्सा है। मेरी राय में, परिवार के साथ देखने के लिए किसी ऐसी फिल्म की तलाश हो जिसमें बातचीत और मुस्कान की गुंजाइश हो, तो इसे अपनी सूची में रखा जा सकता है।

— IndiCoach विद्यार्थी समीक्षा अभ्यास

शिक्षण हेतु नमूना उत्तर। परीक्षा में विद्यार्थी को प्रश्न में दिए गए सभी निर्देशों और वास्तविक देखी गई फिल्म के प्रमाणों के अनुसार अपना उत्तर स्वयं विकसित करना चाहिए।

SL अंक-योजना · कुल 30 अंक

Criterion Aभाषा · 12शब्दावली की उपयुक्तता व विविधता, व्याकरणिक संरचनाएँ, शुद्धता और संप्रेषण की प्रभावशीलता।
Criterion Bसंदेश · 12प्रश्न की सभी माँगों की पूर्ति, प्रासंगिक विचार, उदाहरण, विकास और सुव्यवस्थित प्रस्तुति।
Criterion Cवैचारिक समझ · 6विधा का चुनाव, पाठक-वर्ग, संदर्भ, उद्देश्य, रजिस्टर, लहजा और समीक्षा-विधा की परंपराएँ।

SL विद्यार्थी की जाँच-सूची: क्या समीक्षा में परिचय, विश्लेषण, मूल्यांकन और सिफारिश है? क्या हर अनुच्छेद प्रश्न के उद्देश्य से जुड़ा है? क्या भाषा सहज और नियंत्रित है?

दोनों स्तरों के लिए समान परीक्षा-स्मरण
Paper 1 में तीन कार्यों में से एक चुनना होता है। SL: 250–400 शब्द; HL: 450–600 शब्द। दोनों स्तरों पर कुल 30 अंक और तीन मानदंड हैं: A भाषा (12), B संदेश (12), C वैचारिक समझ (6)। अंक किसी एक तय अनुच्छेद-विभाजन से नहीं, बल्कि आधिकारिक मानदंडों के अनुसार समग्र/holistic निर्णय से दिए जाते हैं।

संपूर्ण मूल्यांकन योजना : 30 अंक

Criterion A — भाषा (12 अंक)
क्या शब्दावली उपयुक्त और विविध है? क्या वाक्य-रचना में विविधता और नियंत्रण है? क्या भाषा की शुद्धता संदेश को प्रभावी बनाती है? क्या शैली स्वाभाविक और स्पष्ट है?
Criterion B — संदेश (12 अंक)
क्या उत्तर ने प्रश्न के सभी निर्देश पूरे किए? क्या विचार प्रासंगिक, विकसित और उदाहरणों से समर्थित हैं? क्या विचारों का क्रम तार्किक है और पूरा संदेश सुसंगत है?
Criterion C — वैचारिक समझ (6 अंक)
क्या चुनी गई विधा प्रश्न के संदर्भ, पाठक और उद्देश्य के अनुकूल है? क्या रजिस्टर और लहजा उचित हैं? क्या समीक्षा की विधागत विशेषताएँ प्रभावी ढंग से निभाई गई हैं?

IndiCoach की यह अंक-योजना आधिकारिक IB मानदंडों को विद्यार्थियों के लिए समझने योग्य भाषा में प्रस्तुत करती है; यह आधिकारिक IB markband का विकल्प नहीं है।

IndiCoach — सीख की नई सोच!
पढ़िए • समझिए • अपनी दृष्टि विकसित कीजिए
लेखक : अरविंद बारी
#अरविंदबारी #ArvindBari #इंडिकोच #IndiCoach #PankajTripathi #IBDPHindi #IGCSEHindi

प्रचलित पोस्ट

विशिष्ट पोस्ट

Report writing lab

INDICOACH · IGCSE HINDI 0549 रिपोर्ट लेखन प्रयोगशाला Report Writing Lab · Learn, practise and write with confide...

हमारी प्रसिद्धि

Google Analytics Data

Active Users